चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार शाम शहर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम का निरीक्षण कर खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के समग्र विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इंडोर स्टेडियम सहित टिन शेड, बास्केटबॉल कोर्ट, बॉक्सिंग हॉल, बैडमिंटन हॉल, जिम एवं अन्य खेल सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद खिलाड़ियों और जिम उपयोगकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल चिन्हित कर उसका समाधान किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को असुविधा न हो।
उन्होंने जिला खेल अधिकारी को स्टेडियम की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तैयार करने तथा रिनोवेशन के लिए विस्तृत एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित करने, खेल मैदानों के रखरखाव में सुधार लाने और परिसर को हरित बनाने के लिए पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने यूआईटी, नगर परिषद एवं जिला परिषद को आपसी समन्वय के साथ सभी विकास कार्य प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को आदर्श खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाए, ताकि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल माली, जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।