नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
कलेक्टर चंद्रा ने निर्देश दिए कि जिले में सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित रूप से किया जाए। सैम (गंभीर कुपोषित), मैम (मध्यम कुपोषित) एवं अति कम वजन वाले बच्चों का वास्तविक चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने ‘अडॉप्ट एन आंगनवाड़ी’ अभियान के तहत जनसहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम बनाने पर जोर देते हुए आवश्यक लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कोलोकेशन वाली आंगनवाड़ियों का सत्यापन करने तथा चिन्हित हॉटस्पॉट केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी संकलित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने, 3 से 6 वर्ष के सभी बच्चों का पंजीयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मासिक ग्रेडिंग के आधार पर कमजोर कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण आयोजित किया जाए तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। एफआरएस, आभा आईडी एवं अपार आईडी से संबंधित शेष कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में एक भी बच्चा वजन से वंचित न रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें। गर्म पके भोजन एवं टेक-होम राशन की गुणवत्ता और वितरण की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ‘अडॉप्ट एन आंगनवाड़ी’ के माध्यम से समुदाय के सहयोग से सुपोषण अभियान को मजबूत बनाने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत सभी पात्र बालिकाओं को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के क्षमता संवर्धन हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने तथा पोषण पुनर्वास केंद्रों में जरूरतमंद बच्चों को नियमित रूप से भर्ती करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, जिला परियोजना सहायक दिलीप व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी एम.एस. मांगरिया, सहायक संचालक वैभव बैरागी, इरफान अंसारी, कविता चौहान, आभा पाटीदार, दीपिका नामदेव सहित पर्यवेक्षक एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।