चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को HPV टीकाकरण किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का चिन्हांकन कर टीकाकरण किया जा रहा है।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने सेन्ट्रल अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चित्तौड़गढ़ में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है तथा उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन बाजार में लगभग 5000 रुपये की लागत से उपलब्ध है, जबकि विभागीय अभियान के तहत इसे निःशुल्क लगाया जा रहा है। साथ ही बालिकाओं को वैक्सीन के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लू एवं तापघात से बचाव के उपाय भी बताए गए।
सांख्यिकी अधिकारी विनोद कुमार गन्ना ने एनीमिया के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि खून की कमी होने पर चिकित्सक की सलाह से आयरन की गोलियों का सेवन करें तथा आहार में फल, गुड़ और चने को शामिल करें। उन्होंने अपील की कि बालिकाएं अपने निकटतम जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार आवश्यक दस्तावेजों के साथ जाकर HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर्यन ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। चिकित्सा सहयोगिनी मीना बारेठ एवं विमला बेरवाल ने भी विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. परेश कुमार नागर ने कहा, “स्वस्थ बालिका ही सशक्त समाज की आधारशिला है। HPV टीकाकरण उनके सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के शांति सक्सेना, रेणुका गगरानी, जुबली चतुर्वेदी, डॉ. मनीषा दाधीच, संगीता मेहता, वर्षा सोनी, नीलू धाकड़, ममता मेनारिया, प्रियंका जैन, दिव्या शर्मा, सपना वर्मा, निधि वर्मा, पूजा मेहता, सीमा माहेश्वरी, सिम्मी मौर्य एवं मिति गोस्वामी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।