नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को जेतपुरा चौराहे के समीप तिरुपति नगर स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर गेहूं तौल में लगने वाले समय, छाया एवं पेयजल की व्यवस्था, बारदाना, हम्मालों की उपलब्धता और तौल व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने उपार्जित गेहूं के भंडारण और उसकी गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र के प्रवेश स्थल पर बड़ा टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की जाए तथा किसानों के लिए ठंडे पेयजल की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही तौल स्थल के पास भी पेयजल और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
नरवाई न जलाने की दी समझाइश-
कलेक्टर ने किसानों से नरवाई प्रबंधन को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि वे डी-कंपोजर का उपयोग कर फसल अवशेष का समुचित प्रबंधन करें और नरवाई जलाने से बचें।
उन्होंने उपार्जन केंद्र पर स्लॉट बुकिंग में आ रही समस्याओं के समाधान के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। किसानों ने बताया कि मंडी की तुलना में बेहतर मूल्य मिलने से अब अधिक संख्या में किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए केंद्रों का रुख कर रहे हैं।