नीमच। आयुष विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र हिंगोरिया में पोषण पखवाड़ा के तहत निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, कब्ज, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका एवं प्रमेह जैसे विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषण, स्तनपान के महत्व तथा जन्म से दो वर्ष तक के बच्चों के उचित पोषण के संबंध में जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. विमला पाटीदार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कुल 56 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ लिया। इस अवसर पर भावना बैरागी, सोनी कैथवास, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं कौशल्या बैरागी, आंगनवाड़ी सहायिका ने सहयोग किया।