मंदसौर। जिला स्वास्थ्य समिति मंदसौर एवं मलेरिया विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शहर में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित बीमारियों के प्रति सचेत करना और बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
रैली का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जी.एस. चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई।
रैली के दौरान छात्राओं एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मलेरिया से बचाव के प्रभावशाली नारे लगाए। साथ ही, हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर आमजन को मच्छर जनित रोगों के लक्षण, उपचार और रोकथाम के बारे में जागरूक किया।
इससे पूर्व सीएमएचओ डॉ. चौहान ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्व मलेरिया दिवस के महत्व एवं इसके वैश्विक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सतर्कता से मलेरिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। रैली का समापन जिला प्रशिक्षण केंद्र परिसर, मंदसौर में हुआ।