राजगढ़। जिले में रविवार 26 अप्रैल को राज्य सेवा और राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के पांच केंद्रों पर दो सत्रों में होगी, जिसमें 734 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रवेश सुबह 9ः15 से 9ः45 बजे तक दिया जाएगा। दूसरा सत्र दोपहर 2ः15 बजे से शाम 4ः15 बजे तक होगा, जिसमें प्रवेश दोपहर 1ः30 से 2ः00 बजे तक रहेगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
कलेक्टर ने सेंटर पहुंचकर देखीं व्यवस्थाएं
शनिवार को कलेक्टर ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एसडीएम निधि भारद्वाज और डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरा उपस्थित रहे।
मोबाइल, स्मार्ट वॉच नहीं ले जा सकेंगे अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, पेन, फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाने की अनुमति होगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा बैग, किताबें, कागज, पर्स और आभूषण ले जाना भी वर्जित रहेगा।
अभ्यर्थियों को चप्पल या साधारण सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है। चेहरे को ढंककर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला स्टाफ तैनात रहेगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।