मंदसौर। जिले की ग्राम पंचायत बसई के एचएलबी नंबर-04 क्षेत्र ने स्व-गणना अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है। क्षेत्र के सभी नागरिकों ने अपने मोबाइल, कंप्यूटर व अन्य डिजिटल माध्यमों से स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की।
इस सफलता का श्रेय प्रगणक हरिओम मेहर को दिया जा रहा है, जिन्होंने घर-घर जाकर लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया और इसकी प्रक्रिया व महत्व को विस्तार से समझाया।
चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार सुनील पीडियार ने बताया कि लगातार जन-जागरूकता प्रयासों के चलते क्षेत्र के सभी 101 परिवारों ने स्व-गणना पूर्ण कर ली। इस क्षेत्र में कुल 232 भवन हैं, जिनमें 464 की आबादी निवासरत है। यह जिले का पहला क्षेत्र बन गया है, जहां नागरिकों ने स्वयं अपने मोबाइल से स्व-गणना पूरी की है।
प्रगणक द्वारा प्रत्येक परिवार को स्व-गणना के बाद प्राप्त सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई, ताकि 1 मई से शुरू होने वाले डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान उसका सत्यापन किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि 1 मई से प्रारंभ होने वाले हाउस-टू-हाउस सर्वे में प्रगणक केवल भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे और आवश्यकता अनुसार संशोधन भी किया जाएगा।