शहडोल। जिले के जनपद पंचायत बुढ़ार अंतर्गत ग्राम पंचायत भठिंया में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में 193 जोड़ों ने एक साथ नए जीवन की शुरुआत की। इनमें 192 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि एक जोड़े का मुस्लिम परंपरा के अनुसार निकाह कराया गया।
समारोह में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आयोजन स्थल पर बैंड-बाजे, पारंपरिक रस्मों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न हुईं। हजारों लोगों की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम हंसी-खुशी के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विधायक जय सिंह मरावी बारातियों के साथ बैंड की धुन पर झूमते नजर आए, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। वहीं शासकीय कर्मचारियों ने मेहमानों का स्वागत कर व्यवस्थाओं को सफल बनाया।
इस दौरान मंच पर सियासी रंग भी देखने को मिला। भाजपा विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस की नेत्री भी समारोह में शामिल हुईं। यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का संदेश देने वाला रहा, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।