दतिया। जिले के ग्राम खरग में शनिवार शाम 7 से 8 बजे के बीच किसान भगवान सिंह यादव के अस्थायी निवास में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोंपड़ेनुमा मकान कुछ ही देर में लपटों से घिर गया।
घटना में घर में रखा पूरा गृहस्थी का सामान, खाने-पीने का राशन, जरूरी दस्तावेज और फाइलें जलकर राख हो गईं। किसान ने हाल ही में फसल बेचकर रखे 70 हजार रुपये भी लकड़ी की अलमारी में सुरक्षित रखे थे, लेकिन वह रकम भी आग की भेंट चढ़ गई। मौके पर आधी जली नोटों की गड्डियों के अवशेष मिले हैं।
बताया जा रहा है कि आग लगते ही आसपास के लोगों ने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। एक ही पल में मेहनतकश किसान की वर्षों की जमा पूंजी और आशियाना राख हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।