मंदसौर। जनगणना के प्रथम चरण में जिले में जागरूकता की प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। जिला न्यायालय के प्रमुख न्यायाधीश सहित समस्त न्यायाधीशों ने स्वयं आगे बढ़कर स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) फॉर्म भरा और अपने मकान सूचीकरण की जानकारी मोबाइल के माध्यम से दर्ज की।
जनगणना प्रशिक्षण नोडल अधिकारी सत्येंद्र राठौर ने बताया कि यह पहल प्रशासनिक सक्रियता के साथ-साथ आमजन के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना करना सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाला है।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश ने नागरिकों से अपील की कि वे भी स्व-गणना सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और जनगणना में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी सत्येंद्र राठौर द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया, जिससे प्रतिभागियों को इसे समझने में आसानी हुई।
इस मौके पर एसडीएम शिवलाल शाक्य, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत एवं नगरपालिका सीएमओ अनीता चकोटिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।