मंदसौर। प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अभिव्यक्ति स्थल (महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास) पर जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग रविंद्र मोदी ने बताया कि यह हाट बाजार प्रत्येक रविवार प्रातः 11 बजे से नियमित रूप से लगेगा। इसमें जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसान, कृषक समूह तथा स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह हाट बाजार किसानों को उनकी उपज के उचित मूल्य दिलाने के साथ उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन मुक्त उत्पाद उपलब्ध कराने का सशक्त मंच बनेगा।
जिले के सभी जैविक कृषकों, उत्पादक समूहों एवं क्रेता-विक्रेताओं से इस पहल में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की गई है।