मंदसौर। जिले में शनिवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर कोतवाली और दलोदा थाने में पदस्थ 3 पुलिसकर्मियों (एक प्रधान आरक्षक एवं दो आरक्षक) को लाइन अटैच कर दिया गया है। साथ ही 8 पुलिसकर्मियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें 6 जवानों को पुलिस लाइन से हटाकर सीतामऊ थाने में पदस्थ किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली में पदस्थ मोहित पंवार को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। वहीं दलोदा थाने में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक हरीश यादव एवं आरक्षक गोपालकृष्ण को भी लाइन भेजा गया है। बताया जा रहा है कि इन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध लंबे समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
फेरबदल के तहत पुलिस लाइन में पदस्थ 6 जवानों को सीतामऊ थाने में पदस्थ किया गया है। इनमें कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक रविंद्र पुरोहित, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पंकज सेहत तोमर, आरक्षक राकेश राठौर, गोविंद सालवी, शांतिलाल पाटीदार एवं सुरेश कुमावत शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आरक्षक हरिओम पाटीदार को सुवासरा से पिपलिया मंडी तथा आरक्षक भूपेंद्र सिंह को गरोठ से पिपलिया मंडी थाने में स्थानांतरित किया गया है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को अवसर दिया जा रहा है, जबकि लापरवाही या शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कानून व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने हेतु इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।