भौरासा। इंदौर-भोपाल राज्य मार्ग स्थित नेवरी फाटा के पास खाटू श्याम मंदिर के पीछे खेत में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गरीब परिवारों का पूरा गृहस्थी सामान जलकर खाक हो गया। कुछ झुग्गियों में रखी नगदी भी आग की भेंट चढ़ गई, जिसमें एक झुग्गी में रखे करीब दो लाख रुपये पूरी तरह जल गए, जबकि कुछ अधजले नोट मौके पर मिले।
स्थानीय रहवासियों ने हैंडपंप व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि सभी कोशिशें नाकाम साबित हुईं। फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक अधिकांश झुग्गियां जल चुकी थीं। बाद में पहुंची दो से अधिक दमकल टीमों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनकच्छ के पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा देर रात मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावितों के लिए भोजन की व्यवस्था करवाई, साथ ही छोटे बच्चों के लिए दूध व बिस्कुट उपलब्ध कराए।
पूर्व विधायक वर्मा ने मौके से ही एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को फोन कर पीड़ित परिवारों का सर्वे कराकर जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने और हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग भी की।