रतलाम। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मलेरिया विभाग द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर में “ड्रिवन टू एंड मलेरियारू नाउ वी कैन, नाउ वी मस्ट” थीम पर जनजागरूकता कार्यक्रम एवं संवाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार मोर्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा मलेरिया विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा मलेरिया से बचाव एवं जागरूकता संबंधी संदेश प्रसारित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे ने मलेरिया उन्मूलन हेतु आपसी सहयोग, समन्वय तथा समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार मोर्य ने मलेरिया से बचाव, जांच एवं उपचार के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि विकासखंड से ग्राम स्तर तक विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें रैली, एडवोकेसी, स्कूल हेल्थ एक्टिविटी, पंपलेट वितरण एवं ग्राम आरोग्य सभाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव जाकर बुखार के मरीजों की जांच, मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूकता, नारे लेखन तथा आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला सलाहकार वेक्टर जनित रोग डॉ. प्रमोद कुमार प्रजापति, संदीप विजयवर्गीय, सुनील कुमार दुबे, ओमप्रकाश बावलचा, शहरी आशा कार्यकर्ता, एंटी लार्वा टीम एवं मलेरिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में जिला सलाहकार प्रमोद प्रजापति द्वारा आभार व्यक्त किया गया।