रतलाम। जनगणना कार्य निदेशालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण- मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिले में व्यापक तैयारी की जा रही है।
इसी क्रम में रतलाम, ताल, आलोट, जावरा, बाजना, सैलाना, रावटी एवं पिपलौदा क्षेत्रों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण 1 मई से प्रारंभ होने वाले घर-घर मकान सूचीकरण कार्य के लिए आयोजित किया गया था।
प्रशिक्षण उपरांत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों ने फील्ड में जाकर मकान सूचीकरण कार्य का अभ्यास भी किया, जिससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हो सके।
साथ ही, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा आमजन को 30 अप्रैल तक चल रहे स्वगणना अभियान की जानकारी दी गई तथा नागरिकों से स्वगणना फार्म भरने की अपील करते हुए उन्हें फार्म भरने में सहयोग भी प्रदान किया गया।