उज्जैन। भीषण गर्मी के मद्देनजर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 27 से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह की शिफ्ट में संचालित होंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों का 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश रहेगा। यह निर्णय लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान में हो रही वृद्धि को देखते हुए लिया गया है।
इस अवधि में शिक्षकों को नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय परिवर्तित कर सुबह 7रू30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को तेज गर्मी से बचाया जा सके।
गर्मी की छुट्टियां भी घोषित
इसके अतिरिक्त, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के अनुरूप ग्रीष्मावकाश की तिथियां भी तय कर दी गई हैं। विद्यार्थियों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से 15 जून 2026 तक रहेगा, जबकि शिक्षकों का अवकाश 1 मई से 31 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी स्कूलों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 18 अप्रैल को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों का समय सुबह 7ः30 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक परिवर्तित किया गया था, जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया था।