मंदसौर। जिले में चल रहा किसान न्याय सत्याग्रह शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल मंदसौर पहुंचे। उनके साथ जावद विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी समंदर पटेल भी सत्याग्रह स्थल पर मौजूद रहे।
सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
सत्याग्रह स्थल पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सत्यनारायण पटेल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए उन्हें किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और जब तक किसानों के हित में ठोस निर्णय नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा।
एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग दोहराई
उन्होंने कहा कि किसान अपनी ही जमीन पर बेगाना महसूस कर रहा है। सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के दावों के बीच बीज एवं खाद की बढ़ती कीमतों ने किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग दोहराते हुए कहा कि इसके लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस ने जताई किसानों के भविष्य को लेकर चिंता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कुछ व्यापारिक समझौते देश के कृषि, डेटा एवं डेयरी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस इन मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष करेगी।
विधायक ने भी उठाए सवाल
मंदसौर विधायक विपिन जैन ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
आंदोलन को जनांदोलन का रूप
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सिंह पटेल ने बताया कि सत्याग्रह अब जनांदोलन का रूप ले चुका है। यदि किसानों की मांगें शीघ्र पूरी नहीं होतीं, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। उन्होंने इसे सरकार को जगाने का शंखनाद बताया। सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।