नीमच। सनातन संस्कृति, सामाजिक सहयोग और सेवा भाव का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री राणी सती दादी मंदिर ट्रस्ट बघाना, अन्नपूर्णा सेवा न्यास तथा श्री नानी बाई मायरा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में 29 अप्रैल 2026 को एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में सनातन समाज की 31 कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और गरिमा के साथ संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे माहेश्वरी भवन से वर-वधू एवं उनके परिजनों के आगमन के साथ होगी। इसके पश्चात सुबह 9 बजे शहर के प्रमुख मार्गों से आकर्षक बिंदोली एवं चल समारोह निकलेगा। इस दौरान घोड़े-बग्गी, बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ उत्सवमय वातावरण देखने को मिलेगा।
मुख्य विवाह समारोह दादीधाम मंदिर प्रांगण, बघाना में आयोजित होगा, जहां प्रातः 11रू30 बजे वरमाला तथा दोपहर 12रू15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न होंगे। इसके बाद प्रसादी, विदाई एवं आभार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अन्नपूर्णा सेवा न्यास के संयोजक राकेश जैन ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत देना है, ताकि कोई भी पिता अपनी बेटी के विवाह के लिए कर्ज लेने को विवश न हो। प्रत्येक वधू को लगभग 75 हजार रुपये की उपयोगी सामग्री भेंट कर उनके नए जीवन की सशक्त शुरुआत सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि गत वर्ष भी अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा 11 कन्याओं का विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया था। इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यापक रूप दिया जा रहा है, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।