चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत गंगरार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 किलो 240 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण व तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ चित्तौड़गढ़ में तैनात कांस्टेबल रामस्वरूप से सूचना मिली कि जोजरो का खेड़ा टोल प्लाजा पर गायत्री ट्रैवल्स की बस में दो यात्रियों के पास संदिग्ध बैग हैं, जिनमें डोडाचूरा भरा हुआ है।
सूचना पर थानाधिकारी श्यामाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की। आरोपियों ने अपनी पहचान अशोक सिंह (24) एवं सोनू (26), निवासी सूर्यवाला, थाना टीबी, जिला हनुमानगढ़ के रूप में बताई। उनके कब्जे से तीन बैगों में भरा कुल 38 किलो 240 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे जांच जारी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।