शिवपुरी। शहर के झांसी तिराहा क्षेत्र स्थित तुलसी नगर कॉलोनी में रहने वाले धर्मू कुशवाह की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद गुस्साये परिजनों ने शव को देहात थाने के बाहर रखकर हंगामा किया। वहीं परिजनों ने पड़ोस के तीन लोगों पर हत्या का संदेह जताया है।
मृतक के बेटे आकाश कुशवाह ने बताया कि 24 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे उनके पिता घर पर थे, जबकि आकाश एसएस होटल पर नल फिटिंग का काम कर रहा था। तभी उनके भाई सुमरन कुशवाह का फोन आया कि पिता तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेरवारा में घायल अवस्था में मिले हैं।
घायल धर्मू कुशवाह को पहले कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल और फिर ग्वालियर रेफर किया गया था। शनिवार शाम करीब 7 बजे ग्वालियर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आकाश ने आरोप लगाया कि अमित गोस्वामी, तरुण शाक्य और बल्लू रावत उनके पिता को अपने साथ ले गए थे और उन्हीं ने इस घटना को अंजाम दिया है। उसने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले उसके पिता का लल्लू रावत और तरुण शाक्य से विवाद हुआ था। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके साथ भी मारपीट कर सकते हैं।