नीमच। जिले के मनासा कस्बे में शनिवार को पांच राज्यों की पुलिस टीमों की दबिश से हड़कंप मच गया। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, तमिलनाडु और कर्नाटक पुलिस ने चोरी एवं लूट के मामलों की जांच के सिलसिले में स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की।

सूत्रों के अनुसार विभिन्न राज्यों में पकड़े गए चोरी के आरोपियों से पूछताछ में मनासा एवं कुकड़ेश्वर के कुछ व्यापारियों के नाम सामने आए हैं। इसके बाद संबंधित राज्यों की पुलिस टीमों ने यहां पहुंचकर जांच शुरू की।

राजस्थान पुलिस को जैसलमेर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि चोरी के आभूषण मनासा में बेचे गए थे। इसी आधार पर पुलिस ने कुछ स्थानों पर जांच-पड़ताल की।

हरियाणा पुलिस ने भी कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है। वहीं गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु पुलिस की टीमें भी पुराने चोरी और लूट के मामलों के संबंध में दस्तावेज एवं लेनदेन की जानकारी जुटा रही हैं।

प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध बैंक खातों और अवैध लेनदेन की जानकारी भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

एक साथ कई राज्यों की पुलिस कार्रवाई से मनासा क्षेत्र के व्यापारिक इलाकों में हलचल देखी गई। स्थानीय प्रशासन भी मामले को लेकर सतर्क है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।
