चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय निंबाहेड़ा सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने सुरेश भाई के निवास पर आयोजित शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों को संबोधित करते हुए दाता भाव अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि हम अपने भीतर दाता बनने की भावना विकसित करें। चाहे कोई हमें मान दे या न दे, प्रेम दे या न दे, सहयोग करे या न करे, हमें सभी के प्रति शुभकामना रखनी चाहिए।
बीके शिवली दीदी ने कहा कि हम परमपिता परमात्मा की संतान हैं और परमात्मा सदैव सभी आत्माओं को देने का कार्य करते हैं। इसलिए हमें भी उनके कर्तव्यों में सहयोगी बनते हुए समाज में प्रेम, खुशी, शक्ति और दुआएं बांटनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज अधिकांश लोग यह अपेक्षा रखते हैं कि पहले कोई उन्हें प्यार या सहयोग दे, तब वे दूसरों को दें। इसी कारण संबंधों में कटुता बढ़ रही है, जिसका प्रभाव परिवार, समाज और विश्व पर पड़ रहा है।
उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि जो भी व्यक्ति हमारे संपर्क में आए, वह हमसे कुछ न कुछ सकारात्मक लेकर जाए।
कार्यक्रम के अंत में परमात्मा भोलेनाथ शिव बाबा का ध्वज फहराया गया तथा सभी को प्रसाद वितरित किया गया।