नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मेलकी में रविवार शाम खेत पर काम कर रहे 55 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरि सिंह गुर्जर पिता भेरूलाल गुर्जर रविवार शाम करीब 6 बजे अपने खेत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सोमवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरि सिंह गुर्जर की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है। यह हादसा बिजली से जुड़े कार्यों के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को भी दर्शाता है।