देवास। मध्यप्रदेश के देवास शहर में गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने की मांग को लेकर बड़ा जनआंदोलन उभरता नजर आ रहा है। राष्ट्रीय वंदे गोमाता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ सेवक जितु रघुवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गो सेवकों एवं आम नागरिकों ने शहर में पैदल मार्च निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार सपना शर्मा को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कार्यालय से रैली की शुरुआत की, जहां से हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए वे तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा देने की मांग की गई।
रैली में शामिल लोगों का कहना था कि यह मुद्दा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। प्रदर्शन के दौरान शहर में धार्मिक और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
गौ सेवक जितु रघुवंशी ने बताया कि यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। अब तक 1 लाख से अधिक पत्रक वितरित किए जा चुके हैं, वहीं 30 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर अभियान में भाग ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह मुहिम देश के 872 जिलों और 5833 तहसीलों तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो 27 जुलाई से आंदोलन का अगला चरण शुरू किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2027 में दिल्ली में आमरण अनशन करने की घोषणा भी की गई है।
देवास से उठी यह मांग अब राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े आंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है।