खरगोन। जिले के कसरावद में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को लेकर गो सेवकों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया गया।
ज्ञापन सौंपने से पहले गो सेवकों ने बड़ी माता मंदिर से रैली निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तहसील कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जयकारों के साथ गौ संरक्षण का संदेश दिया। तहसील कार्यालय पहुंचने पर ज्ञापन देने से पूर्व हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ हत्याओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ सुरक्षा और गो सम्मान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
आयोजकों ने बताया कि यह ज्ञापन राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सौंपा गया है, जिसका उद्देश्य देशभर में गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण करना है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।