उज्जैन। तराना में गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को लेकर सकल हिन्दू समाज के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। देशभर की 5000 तहसीलों में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान स्थानीय बस स्टैंड से जागरूकता यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व गौमाता और नदी महाराज कर रहे थे। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गौमाता को संवैधानिक रूप से राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गई। साथ ही गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की बात कही गई।
वक्ताओं ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सभ्यता, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा रही है। वेदों से लेकर वर्तमान समय तक सामाजिक, आध्यात्मिक और आर्थिक जीवन में गाय का विशेष महत्व रहा है। इसलिए गौमाता को सम्मान दिलाने के लिए समाज एकजुट होकर आवाज उठा रहा है।