मनासा। नगर में गहराते जल संकट और अनियमित जल प्रदाय की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को कांग्रेस पार्षद सत्यनारायण लक्षकार एवं बाबूलाल कछावा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नगर में प्रतिदिन जल प्रदाय सुनिश्चित करने की मांग की गई। पार्षदों ने बताया कि वर्तमान में नगर के कई वार्डों में जल आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है और कई दिनों के अंतराल में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और प्रतिदिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्षद दल जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।