नीमच। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए सभी केंद्रों पर किसानों की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर केंद्रों पर शीतल पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, तोल कांटे एवं भंडारण के इंतजाम किए गए हैं।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। साथ ही टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था तथा बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां उपलब्ध कराई गई हैं। प्रवेश द्वार पर भी बड़े टेंट लगाए गए हैं।
उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटे एवं वेइंग मशीनें लगाई गई हैं। पर्याप्त मात्रा में बारदाना, हम्मालों की उपलब्धता तथा उपार्जित उपज के उचित भंडारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उपज विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उपार्जन कार्य पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं छाया की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।
जिले के राजस्व अधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।