प्रयागराज में मध्यप्रदेश पुलिस की एक गाड़ी ओवरब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई। चलती गाड़ी का पिछला पहिया निकल गया, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी और नाबालिग सुरक्षित हैं।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। जैसे ही गाड़ी ओवरब्रिज पर पहुंची, ड्राइवर साइड का पिछला पहिया अचानक निकल गया। ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर गाड़ी को नियंत्रित किया और वहीं रोक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि गाड़ी कुछ फीट और आगे बढ़ती तो ओवरब्रिज से नीचे गिर सकती थी।
जबलपुर से बिहार गई थी पुलिस टीम, वापसी में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जबलपुर में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत लार्डगंज थाना में दर्ज कराई गई थी। तलाश के दौरान पता चला कि बच्ची बिहार में रिश्तेदार के यहां है।
इसके बाद ASI राजेश वर्मा, महिला आरक्षक सरिता ठाकुर और चालक उमेश यादव की टीम करीब 800 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया।
बच्ची को लेकर टीम रविवार देर रात जबलपुर के लिए रवाना हुई थी। वापसी के दौरान प्रयागराज में यह हादसा हो गया। गाड़ी में दो पुलिसकर्मी, नाबालिग बच्ची और चालक सवार थे। घटना की सूचना जबलपुर पुलिस को भी दे दी गई है।