मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। सीतामऊ थाने में पदस्थ आरक्षक नंदलाल हटेला (59) ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार जारी है।
घटना बावड़ी गांव के पास हुई। आरक्षक नंदलाल हटेला ग्राम लदुना निवासी हैं। बताया गया कि बावड़ी गांव के समीप फोन आने पर उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। फोन पर बात करने के बाद जैसे ही वे बाइक स्टार्ट कर सड़क पर आए, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल आरक्षक को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मंदसौर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार आरक्षक के सिर, मुंह, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। सीतामऊ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।