नीमच। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, उद्यानिकी, संसदीय कार्य एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन ने सोमवार को मंत्रालय भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी नीट परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों पर समय रहते आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
राजन ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए तथा परीक्षा का संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था न्यूनतम प्रतिक्रिया समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखे एवं ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला अधिकारी/कर्मचारी द्वारा गरिमा एवं सम्मान के साथ की जाए।
इसके अलावा सभी केंद्रों पर पावर बैकअप, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक/फ्रिस्किंग व्यवस्था, मोबाइल एवं बैग रखने हेतु अलग व्यवस्था, पार्किंग सुविधा तथा अभिभावकों के लिए छाया की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नीमच एनआईसी केंद्र से जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस सिसोदिया सहित सभी परीक्षा केंद्र प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।