छतरपुर। जिले के बिजावर कस्बा निवासी पत्रकार राकेश राय के साथ शराब माफिया के गुंडों द्वारा की गई मारपीट और पुलिस द्वारा की गई कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को छतरपुर के पत्रकारों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पत्रकारों ने अपराधियों को संरक्षण देने और पीड़ित को ही आरोपी बनाने का आरोप लगाकर छतरपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। नाराज पत्रकारों ने शहर में सांकेतिक अर्थी यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। भारी आक्रोश के बीच पत्रकारों का हुजूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा जहां जमकर नारेबाजी की गई।
विगत गुरुवार की रात को बिजावर कस्बे के पत्रकार राकेश सिंह क्षेत्र में चल रहे एक धार्मिक अनुष्ठान का कवरेज कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपट थाना क्षेत्र की एक शराब दुकान के गुंडों द्वारा उनके साथ गंभीर मारपीट की गई। आरोप है कि शराब माफियाओं ने पत्रकार के साथ सरेआम गुंडागर्दी की, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय पीड़ित पत्रकार पर ही जवाबी मामला दर्ज कर उसे आरोपी बना दिया। पत्रकारों का आरोप है कि पुलिस शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने से कतरा रही है, जो अपराधियों के साथ उसकी मिलीभगत को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। यदि फुटेज सामने आती है, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, लेकिन पुलिस की खामोशी उसकी भूमिका को संदिग्ध बना रही है।
जिले भर के पत्रकार सर्किट हाउस में एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए एसपी कार्यालय पहुँचे। इस आंदोलन को विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले दो आरोपी हारून खान निवासी बिजावर और नरेंद्र खंगार निवासी शाहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पत्रकार संगठन केवल इन गिरफ्तारियों से संतुष्ट नहीं हैं। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पिपट थाना के एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर मामले की जांच का जिम्मा एडिशनल एसपी आदित्य पटले को दिया है।
वहीं दूसरी ओर छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने भी पत्रकारों की मांगों को ध्यान पूर्वक सुना और जांच दल बनाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है वहीं दूसरी ओर जब पत्रकारों को एसपी कार्यालय में शराब कंपनी के ठेकेदार के आने और ज्ञापन देने की सूचना मिली तो पत्रकारों ने एसपी आफिस के सामने बैठकर नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया और मौके पर एसपी अगम जैन को बुलाने की मांग पर अडे रहे पूरे मामले में एसपी अगम जैन मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच एडिशनल एसपी आदित्य पटले से कराने की बात कही पत्रकार संगठन से जुड़े रामबाबू सिंह परिहार का कहना है कि अगर घटना में सम्मिलित सभी दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती तो आगे इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।