दतिया। मध्य प्रदेश दतिया के भांडेर नगर में सोमवार को गौ सेवकों द्वारा गोवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर एक विशाल रैली निकालकर तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गौ सेवक पथनवाली माता मंदिर पर एकत्रित हुए और वहां से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे।
रैली के दौरान “गौ सम्मान आव्हान अभियान” के तहत राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार गेंदा लाल भारती को 11 हजार हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गोवंश संरक्षण के लिए कठोर और प्रभावी कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
गौ सेवकों ने अपने ज्ञापन में कहा कि गोवंश न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था की रीढ़ भी है। ऐसे में इसके संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गोवंश सुरक्षा के लिए एकीकृत केंद्रीय कानून बनाया जाए और इसके लिए एक स्वतंत्र मंत्रालय का गठन किया जाए। साथ ही प्रदेश में गो-तस्करी, अवैध वध, सड़कों पर हो रही दुर्घटनाओं और पॉलिथीन खाने से हो रही गोवंश की मौतों पर रोक लगाने हेतु विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
इसके अलावा गौ सेवकों ने सभी गोचर भूमि, ओरण एवं वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर “गोचर विकास बोर्ड” के अधीन आरक्षित करने, चारे के औद्योगिक उपयोग पर प्रतिबंध लगाने और अवैध भंडारण व कालाबाजारी रोकने के लिए “चारा सुरक्षा कानून” बनाने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में देशी नस्ल के गोवंश के संरक्षण, गौशालाओं को आर्थिक सहायता, गोबर और गौमूत्र आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को गो-आधारित रोजगार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी शामिल किया गया।
रैली के दौरान नगर में अनुशासन और शांति का माहौल बना रहा, वहीं गौ सेवकों ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।