दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर अनुभाग के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के मलखानपुर गांव में रविवार दोपहर 27 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा।
सोमवार सुबह तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मलखानपुर निवासी रूबी कुशवाहा (27) पत्नी वासुदेव कुशवाहा ने अपने घर के भीतर रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि पति खेत पर काम कर रहा था। घर लौटने पर महिला को फंदे पर लटका देख परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी बीच, महिला का मायका पक्ष भी गांव पहुंचा। मायके पक्ष के राकेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि रूबी का पति शराब पीने और जुआ खेलने का आदी था और उसे प्रताड़ित करता था। उन्होंने कहा कि लगातार मानसिक दबाव के कारण महिला ने यह कदम उठाया।
रूबी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दुरसड़ा थाना प्रभारी सविता शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।