नीमच। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में नीमच जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 101 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। जिले को मिले 2913 नवीन पंजीयन लक्ष्य के विरुद्ध 2948 बालिकाओं का पंजीयन कर उन्हें योजना से लाभान्वित किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि जिले में योजना अंतर्गत पूर्व में पंजीकृत 4048 बालिकाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान भी किया गया है। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना 1 अप्रैल 2007 से संचालित है और इसे 19 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को कुल 1 लाख 43 हजार रुपए तक की सहायता प्रदान की जाती है। योजना में कक्षा 6वीं में प्रवेश पर 2 हजार रुपए, कक्षा 9वीं में 4 हजार रुपए, कक्षा 11वीं में 6 हजार रुपए, कक्षा 12वीं में 6 हजार रुपए, उच्च शिक्षा में प्रवेश पर 12 हजार 500 रुपए, कोर्स पूर्ण करने पर 12 हजार 500 रुपए तथा 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 1 लाख रुपए एकमुश्त राशि दी जाती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकासखंडवार पंजीयन आंकड़ों में नीमच ग्रामीण में 734, मनासा में 711, जावद में 555, रतनगढ़ में 333, रामपुरा में 314 तथा नीमच शहरी में 301 बालिकाओं का पंजीयन किया गया। इस प्रकार कुल 2948 बालिकाएं योजना से लाभान्वित हुईं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ सभी पात्र बालिकाओं तक समय पर पहुंचे और कोई भी हितग्राही वंचित न रहे। यह उपलब्धि जिले में बालिका शिक्षा, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।