गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो 230 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सपानिया निवासी गुमानसिंह अपने खेत पर बने बाड़े के पास दो कट्टों में गांजा रखे हुए है और उसे किसी तस्कर को सौंपने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी गुमानसिंह (62) पिता हरिसिंह, निवासी ग्राम सपानिया, थाना गरोठ के कब्जे से दो प्लास्टिक कट्टों में रखा 50 किलो 230 ग्राम गांजा बरामद कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह गांजा उसके पुत्र नारायणसिंह द्वारा लाया गया था, जो मौके से फरार है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/2026 धारा 8/20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना गरोठ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।