चित्तौड़गढ़। ग्राम रथ अभियान के तहत जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को जिला मुख्यालय से विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा त्वरित और प्रभावी निराकरण करें। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता आमजन की सक्रिय भागीदारी और योजनाओं की सही जानकारी पर निर्भर करेगी।
अगले 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी गांव-गांव पहुंचाई जाएगी। इसके माध्यम से किसानों, पशुपालकों, युवाओं और महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विकास रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी रहेंगे, जो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं का संदेश देंगे। एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं रथों की लाइव लोकेशन और फोटो-वीडियो विभागीय ऐप पर अपलोड किए जाएंगे।
इसके अलावा रथों के साथ सुझाव पेटियां भी रखी गई हैं, जिनमें ग्रामीण अपने सुझाव दर्ज कर सकेंगे, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में और सुधार किया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, एसीईओ राकेश कुमार पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।