गरोठ/शामगढ़। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. शौकत मंसूरी के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामगढ़ पहुंचकर निरीक्षण किया और उपचार के लिए आए मरीजों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं।
प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों से बातचीत के बाद ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दरबार सिंह एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष पंजाबी से मुलाकात कर अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में सोनोग्राफी टेक्नीशियन की कमी, ब्लड की अनुपलब्धता, खून एवं पेशाब जांच के लिए शामगढ़ को हब घोषित करने, महिला डॉक्टर की कमी तथा अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग उठाई।
इसके साथ ही जो व्यवस्थाएं तत्काल संभव हैं, उन्हें रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्थायी रूप से उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया। इस पर बीएमओ डॉ. दरबार सिंह ने आश्वस्त किया कि वे उच्च अधिकारियों को तत्काल पत्र लिखकर सुझाव भेजेंगे और समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जल्द स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में कांग्रेस को धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष पंकज मुजावदिया, पार्षद प्रतिनिधि पवन पाण्डेय, वरिष्ठ नेता प्रमोद फरक्या, अजा विभाग जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल सिसौदिया, मंडलम अध्यक्ष बबलू मेव, नीलेश संघवी, राकेश सत्संगी, पूर्व पार्षद रईस अब्बासी, विजय मुजवादिया सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।