भौरासा। नगर में 29 अप्रैल को आयोजित होने वाले गांव गैर माता पूजन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को यादव समाज एवं अन्य समाज की महिला मंडलों द्वारा शक्ति माता मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
यह कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एमजी रोड, गोया स्थित शीतला माता मंदिर एवं खेड़े पर स्थित शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया और माता को जल अर्पित किया।
गांव गैर माता पूजन का सिलसिला अर्धरात्रि से प्रारंभ होगा, जिसमें सबसे पहले नगर पटेल द्वारा पूजन किया जाएगा, इसके बाद नगरवासी पूजन में शामिल होंगे।
आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि करीब एक से डेढ़ लाख लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकते हैं।पूजन को लेकर नगर में मेहमानों का आना शुरू हो गया है, जिससे हर घर में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।
बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।