मंदसौर। आगामी 3 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर कलेक्टर अदिति गर्ग ने सोमवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंदसौर, राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छाया, टेंट, टेबल-कुर्सी तथा परीक्षा कक्षों में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कक्षाओं में पंखों की व्यवस्था, स्वच्छ एवं कार्यशील वॉशरूम तथा दरवाजे-खिड़कियों को व्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा 2026 का आयोजन 3 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। मंदसौर नगर में परीक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तथा राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है।
कलेक्टर गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण की जाएं।