नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेताखेड़ा डोरिया में एक गंभीर मारपीट और हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित राजुलाल ओढ़ ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि 24 अप्रैल की रात करीब 9 बजे लगभग 15 लोग ट्रेवलर वाहन एवं मोटरसाइकिलों से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग लाठी, टांगी और तलवार जैसे हथियारों से लैस थे तथा उन्होंने घर पहुंचते ही प्रार्थी और उसके परिवार पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी संगीता पर तलवार से वार किया गया, जबकि अन्य परिजनों और पड़ोसियों को भी चोटें आईं। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान महिलाओं के साथ मारपीट कर उनके सोने के जेवर, जिनमें मंगलसूत्र, चेन और टॉप्स शामिल हैं, छीन लिए गए। साथ ही प्रार्थी की बहू और उसकी दो बेटियों को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित ने पुलिस पर आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद सभी आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए और गंभीर धाराओं के बजाय सामान्य मामला कायम किया गया। साथ ही आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।
राजुलाल ओढ़ ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, लूटे गए जेवरों की बरामदगी तथा घटना में प्रयुक्त वाहनों को जब्त करने की मांग की है।