चित्तौड़गढ़। भीषण गर्मी व हीटवेव को देखते चित्तौड़गढ़ जिले के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर जिला अभिभावक संस्थान के पदाधिकारियों ने आज अतिरिक्त जिला कलेक्टर (भूअ) रामचन्द्र खटीक को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जिसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, सांसद, विधायक व जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई।
जिला संयोजक निलेश बल्दवा ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में अत्यधिक भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान में लगातार वृद्धि के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विशेषकर छोटे बच्चों को तेज धूप एवं लू के कारण विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है, जिससे उनके बीमार पड़ने की आशंका भी बनी रहती है।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को अवकाश दिये जाने सहित बड़े बच्चों की पढ़ाई ऑनलाईन माध्यम से पूर्ण कराये जाने की कृपा करावें। ताकि सभी को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
इस दौरान संस्थान संरक्षक पवन पटवारी, जिला संयोजक निलेश बल्दवा, उमेश अजमेरा, अर्जुन लोढ़ा, नदीम शेख, चेतन गौड़, सुनील लोढ़ा, विजय सिंह राजावत, रूपेश सोनी, शब्बीर मोहम्मद शोरगर, गोविन्द चावला सहित कई अभिभावकगण मौजूद रहे।