नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मनासा क्षेत्र की दो जरूरतमंद छात्राओं अश्वनी एवं मीना को पढ़ाई के खर्च के लिए रेडक्रास मद से 20 हजार रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोनों छात्राओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु योजनाओं से जोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सिंगोली क्षेत्र की साजन पति सोनू पादरी ने झोपड़ी में आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने रेडक्रास से जांच उपरांत आर्थिक सहायता देने तथा तहसीलदार सिंगोली को आगजनी से हुए नुकसान का प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कंजार्डा निवासी हीरालाल ने अपनी भूमि पर कब्जा दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम मनासा को सीमांकन कराकर आवेदक को मौके पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
हुड़को कॉलोनी निवासी बुजुर्ग आवेदिका पुष्पा माने को रेडक्रास से सहायता देने तथा उनकी गंभीर बीमारी से पीड़ित पुत्री के उपचार हेतु मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक मदद का प्रकरण तैयार कर भेजने के निर्देश भी दिए गए।
गिरदौड़ा निवासी रानी भटनागर को बेटियों के भरण-पोषण के लिए रेडक्रास से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार योजना से जोड़ने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक आवेदकों ने भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, आवास, पारिवारिक समस्याओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।