नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की वेतन समस्या अब खुलकर सामने आ गई है। कर्मचारियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बताया कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि करीब 11 माह का एरियर भी लंबित है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार संबंधित कंपनी प्रबंधन से भुगतान को लेकर अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, किराया, इलाज तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि नियमित कार्य करने के बावजूद समय पर भुगतान नहीं मिलना उनके साथ अन्याय है।
आक्रोशित कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर लंबित वेतन और एरियर का भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में समय पर वेतन मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।