खरगोन। जिले के कसरावद के बलकवाड़ा थाना की खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुंबई आगरा नेशनल हाईवे ग्राम खलबुजुर्ग स्थित नर्मदा नदी के पुल पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुल पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब खलघाट से सेंधवा की ओर जाने वाली लाइन पर एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। देखने वालों की रूह काफ गई।
खलटाका पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक अशोक नैयर ने बताया कि मृतक की पहचान मनीष पिता नानूराम राठौड़ निवासी ग्राम सायता, कसरावद के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करवाया गया। नेशनल हाईवे एम्बुलेंस की मदद से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसरावद भेजा गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।