मंदसौर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम खडपालिया निवासी रवि सूर्यवंशी गले में हांडी और पीठ पर झाड़ू बांधकर पहुंचा। हाथ में आवेदन और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लेकर उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
रवि सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि उसकी सीमांकित पुश्तैनी जमीन पर गांव के कुछ दबंग लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उसने सरपंच प्रतिनिधि सुरेश पाटीदार एवं परिजनों पर प्रताड़ना, धमकी और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाए।
पीड़ित का कहना है कि परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद उल्टा उसी पर प्रकरण दर्ज कर दिया गया।
रवि सूर्यवंशी ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई, पुश्तैनी जमीन पर कब्जा दिलाने, परिवार को सुरक्षा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आमरण अनशन करेगा।