चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त फोर्ड फिगो कार भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीणा ने टीम के साथ नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस ने संदिग्ध फोर्ड फिगो कार की तलाशी ली, जिसमें 45 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से रविंद्र (26) निवासी तिलवासनी, थाना बिलाड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण तथा दिनेश (26) निवासी सिलारी, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।