रतलाम। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल निरंतर सतर्क एवं सक्रिय है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हीना वी. केवलरामानी के निर्देशन में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को टिकट चेकिंग स्टाफ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 16.56 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
प्रमुख स्टेशनों पर चला सघन जांच अभियान-
इस दौरान रतलाम मंडल के प्रमुख स्टेशनों- रतलाम, उज्जैन, इंदौर, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, दाहोद, देवास एवं डॉ. अम्बेडकर नगर सहित विभिन्न स्थानों पर तथा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
2249 प्रकरण दर्ज-
जांच के दौरान विभिन्न श्रेणियों के कुल 2249 प्रकरण दर्ज किए गए। यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतर्कता, प्रतिबद्धता एवं टीमवर्क का परिणाम है। रतलाम मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में सदैव वैध टिकट अथवा प्राधिकार के साथ ही यात्रा करें, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमामय यात्रा का अनुभव मिल सके।