नीमच। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के तहत नीमच जिले में किसानों के खेतों पर सोलर पंप स्थापना का कार्य तेजी से किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति जानने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
1525 किसानों को मिलेगा लाभ-
योजना के अंतर्गत जिले में कुल 1525 किसानों को सोलर पंप स्थापना हेतु कार्यादेश जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 240 किसानों के खेतों में सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 1227 किसानों के यहां वेंडर एजेंसियों द्वारा स्थापना कार्य प्रगति पर है।
अधिकारियों ने किया भौतिक सत्यापन-
अक्षय ऊर्जा विभाग के जिला प्रभारी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि किसान गोविंद पाटीदार, राजेंद्र पाटीदार, कैलाशचंद्र पाटीदार, लक्ष्मीनारायण पाटीदार (भड़भड़िया), भगतराम मोड़ी (तहसील जावद), मनोहरलाल शर्मा, मदनलाल पाटीदार, शिवाबाई गोस्वामी (पिपलोन) एवं कमलाबाई शालिग्राम (रेवली देवली) के खेतों में स्थापित सोलर पंपों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल संरचना एवं पंप सिस्टम सुचारू रूप से कार्यशील पाया गया। किसानों ने योजना का लाभ लेकर खेतों में सोलर पंप से सिंचाई कार्य प्रारंभ कर दिया है।
90 प्रतिशत अनुदान का लाभ-
मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप पात्र किसानों को योजना के तहत सोलर पंप स्थापना हेतु 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों को डीजल एवं बिजली खर्च से राहत मिल रही है तथा वे निर्बाध सिंचाई कर पा रहे हैं।
कलेक्टर ने किसानों से की अपील-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि सोलर पंप पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक हैं। जिले के सभी पात्र किसान योजना का लाभ लेकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें।
उन्होंने अक्षय ऊर्जा विभाग एवं वेंडर एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि शेष कार्यादेशों पर शीघ्र कार्य पूर्ण कर किसानों को लाभान्वित किया जाए।